मेन्यू

मोहम्मद यासिर

(बॉक्सर)

संस्थान : खेलो इंडिया बॉक्सिंग सेंटर

शहर: राजौरी, जम्मू-कश्मीर, भारत

पढ़िए आइडल टाॅक्स के साथ यासीर की ख़ास बातचीत…

आइडल टॉक्स : आपकी जीवन यात्रा की शुरुआत कैसे हुई ?

यासिर : मेरा जन्म राजौरी, जम्मू-कश्मीर में हुआ। बहुत छोटी उम्र में ही मैंने अपने पिता को खो दिया। उसके बाद हमारा घर भी टूट गया और मुझे एक अकेली माँ ने पाला, जो घरों में काम करके घर चलाती थीं। मेरी यात्रा वहीं से शुरू हुई — जहाँ सुविधाएं नहीं थीं, लेकिन हिम्मत थी।

आइडल टॉक्स : आपके बचपन के अनुभव क्या थे ?

यासिर : मेरा बचपन दूसरे बच्चों जैसा नहीं था। मैं एक ऐसी माँ के साथ बड़ा हुआ, जो मुश्किल से घर का खर्च चला पाती थीं। इसलिए मुझे बहुत छोटी उम्र से ही काम करना पड़ा। एक तरफ काम, एक तरफ पढ़ाई और साथ ही बॉक्सिंग की प्रैक्टिस — यही मेरा बचपन था। बचपन में खेलने की उम्र में मुझे जिम्मेदारियां समझ आ गई थीं।

आइडल टॉक्स : आपकी शिक्षा और करियर की शुरुआत कैसे हुई ?

यासिर : मुझे बॉक्सिंग से मेरे कोच इश्तियाक सर ने जोड़ा। खेलो इंडिया बॉक्सिंग सेंटर में उन्होंने मुझे ट्रेनिंग दी। उन्होंने ही मुझे तराशा, यहाँ तक कि मैं एशियन चैंपियन बन गया। मैंने उनके मार्गदर्शन में 4 साल तक ट्रेनिंग की, तब जाकर मुझे मेडल मिला। मेरी हर सफलता के पीछे मेरे कोच का विश्वास और मेहनत है।

आइडल टॉक्स : आपकी सबसे बड़ी उपलब्धि क्या है ?

यासिर : मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि मैं U-15 एशियन चैंपियन हूँ। लेकिन मैं 2024 का नेशनल गोल्ड अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि मानता हूँ, क्योंकि पहली बार मैं इतने बड़े मंच पर गया था। तब मेरा टैलेंट अनप्रूवन था, मैं बहुत नर्वस था। लेकिन अपनी प्रैक्टिस पर विश्वास और अपने कोच की प्रेरणा ने मुझे पार लगा दिया ।

आइडल टॉक्स : आपकी सबसे बड़ी चुनौती क्या थी और आपने उस पर कैसे काबू पाया ?

यासिर : मेरी सबसे बड़ी चुनौती गरीबी रही है। मैं इसे खत्म नहीं कर पाया, मुझे इसके साथ ही जीना पड़ा। इसने मुझसे आराम, शांति, खाना, बॉक्सिंग गियर और बहुत सी चीजें छीन लीं। मैं अभी भी कड़ी मेहनत कर रहा हूँ ताकि इस पर काबू पा सकूँ और अपने परिवार के लिए एक अच्छी जिंदगी बना सकूँ।

आइडल टॉक्स : आपके अनुसार सफलता का मूल मंत्र क्या है ?

यासिर : मेरे अनुसार सफलता का मूल मंत्र है — दृढ़ता, असफलताओं और झटकों के बावजूद लगातार प्रैक्टिस करते रहना। हर बार जब हम गिरते हैं, तो वह उठने का एक कारण होना चाहिए। जो लोग गिरने के बाद उठने से मना कर देते हैं, उन्हें कभी अच्छी चीजें नहीं मिलतीं।

आइडल टॉक्स : अपने अनुभव से दूसरों को क्या सलाह देना चाहेंगे ?

यासिर : मैं यही कहूँगा कि किसी एक फील्ड में कड़ी मेहनत करो। सफल होने के लिए तुम्हें 1000 चीजों में अच्छा होने की जरूरत नहीं है, बस एक चीज में बेस्ट बनो, वही काफी है।

आइडल टॉक्स : आज के युवा वर्ग को आप क्या संदेश देना चाहेंगे ?

यासिर : युवा वर्ग को बस मेहनत करते रहना चाहिए, कभी हार नहीं माननी चाहिए। खुद पर और अपने गुरुओं पर विश्वास रखो। गुरु का सम्मान करो, क्योंकि गुरु ही तुम्हें सही रास्ता दिखाता है।

आइडल टॉक्स के पाठकों के लिए यासिर का संदेश – मेहनत करते रहो, कभी हार मत मानो, खुद पर और अपने गुरुओं पर विश्वास रखो। जिंदगी चाहे कितनी भी कठिन हो, अगर तुम गिरकर उठना जानते हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं है।

मोहम्मद यासिर की यात्रा हमें सिखाती है कि गरीबी, अकेलापन और सुविधाओं की कमी किसी के सपनों को नहीं रोक सकती — अगर इरादे मजबूत हों और गुरु का आशीर्वाद साथ हो।

– IDOL TALKS Editorial Team

Idol Talks
Author: Idol Talks

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share:
error: Content is protected !!