”अपनी शारीरिक बनावट या लोगों के तानों को अपनी कमजोरी मत बनने दो। अपनी प्रतिभा और मेहनत को अपनी पहचान बनाइए !
– हितेश धांधा
पढ़िए आइडल टाॅक्स के साथ हितेश की ख़ास बातचीत…
आइडल टॉक्स : आपकी जीवन यात्रा की शुरुआत कैसे हुई ?
हितेश : मेरा जन्म राजकोट (गुजरात) जिले के जेतपुर में हुआ। बचपन से ही मेरा जीवन चुनौतियों भरा रहा। शारीरिक रूप से कम हाइट (कद) होने के कारण मुझे समाज और अपने आस-पास के लोगों से कई बार तानें, बुलिंग और भेदभाव का सामना करना पड़ा। यहाँ तक कि लोगों की संकीर्ण सोच का आलम यह था कि अपनों ने भी कभी मेरा मजाक उड़ाया। लेकिन मैंने इन सभी कड़वी बातों को अपने दिल में दबाकर रखा और किसी से कोई शिकायत नहीं की। मैंने हमेशा खुद पर विश्वास बनाए रखा।
आइडल टॉक्स : आपकी शिक्षा और करियर की शुरुआत कैसे हुई ?
हितेश : मेरी शुरुआती शिक्षा एक छोटे से गांव के सरकारी स्कूल में हुई। मैं पढ़ाई में एक औसत छात्र था। परिवार की परिस्थितियों और व्यावहारिक सोच के कारण 14-15 साल (9वीं-10वीं कक्षा) की उम्र से ही मैंने हाफ-टाइम काम करना शुरू कर दिया था। पढ़ाई से ज्यादा मेरा रुझान काम सीखकर आत्मनिर्भर बनने में था। 11वीं और 12वीं के दौरान स्वास्थ्य ठीक न रहने के कारण पढ़ाई आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद मैंने साड़ी फैक्ट्री में अकाउंटेंट के रूप में काम करना शुरू किया, जिसे मैं आज भी पूरी निष्ठा के साथ कर रहा हूँ।
आइडल टॉक्स : आपकी सबसे बड़ी उपलब्धि क्या है ?
हितेश : साल 2025 में मैंने अपना नीश बदला और कंटेंट क्रिएशन व इंस्टाग्राम ग्रोथ पर एजुकेशनल रील्स बनाना शुरू किया। मेरी रील्स वायरल होने लगीं, जिन पर लाखों में व्यूज आए। मेहनत के दम पर मैंने 10,000 (10k) फॉलोअर्स का माइलस्टोन हासिल किया और ब्रांड प्रमोशंस व अर्निंग भी शुरू हो गई। लेकिन मेरी असली उपलब्धि मेरा कभी न टूटने वाला जज्बा है। अप्रैल 2026 में अज्ञात कारणों / मास रिपोर्टिंग की वजह से मेरा 10k वाला अकाउंट सस्पेंड हो गया। यह एक गहरा झटका था। फिर भी मैंने बिना हिम्मत हारे शून्य से दोबारा शुरुआत की और आज फिर से लगभग 2,900 से अधिक फॉलोअर्स का परिवार बना लिया है।
मेरी यात्रा चुनौतियों के बिना नहीं रही है। लेकिन इन्हीं चुनौतियों ने मुझे मजबूत बनाया है। मेरे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि मैं टूटा नहीं, रुका नहीं और फिर से खड़ा हो गया।
आइडल टॉक्स : आपकी सबसे बड़ी चुनौती क्या थी और आपने उस पर कैसे काबू पाया ?
हितेश : मेरी सबसे बड़ी व्यावहारिक चुनौती रही है ‘इंडिपेंडेंट’ न हो पाना। शारीरिक सीमाओं और मोबिलिटी की वजह से कहीं भी आने-जाने या काम पर जाने के लिए मुझे अपने पापा या दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। इसके अलावा बचपन से मेरा सपना विदेश जाकर जॉब करने का था, पर शारीरिक कद के कारण घर वालों ने मेरी सुरक्षा को लेकर मना कर दिया । जब बाहर की दुनिया के दरवाजे बंद दिखे, तब मैंने सोचा कि अगर मैं खुद बाहर नहीं जा सकता तो डिजिटल दुनिया के जरिए अपनी पहचान बनाऊंगा। मैंने टिकटॉक और फिर इंस्टाग्राम पर कॉमेडी रील्स से शुरुआत की। हालांकि दोस्तों के सपोर्ट की कमी और शूटिंग लोकेशंस पर आने-जाने की दिक्कत की वजह से शुरुआत में असफलता मिली, लेकिन मैंने हार नहीं मानी। धैर्य, निरंतर प्रयास और खुद पर विश्वास से मैंने धीरे-धीरे अपना रास्ता बनाया।
आइडल टॉक्स : आपके अनुसार सफलता का मूल मंत्र क्या है ?
हितेश : मेरे लिए सफलता का मंत्र है — ‘लगातार प्रयास और कभी न खत्म होने वाला आत्म-विश्वास’। जब स्थितियां आपके खिलाफ हों, जब लोग आपका मजाक उड़ाएं या जब आपका बना-बनाया काम (जैसे अकाउंट सस्पेंड होना) बिगड़ जाए, तब भी मैदान छोड़कर न भागना ही असली सफलता है।
आइडल टॉक्स : अपने अनुभव से दूसरों को क्या सलाह देना चाहेंगे ?
हितेश : मैंने कई घंटे देकर नए कंटेंट क्रिएटर्स की बिना किसी स्वार्थ के फ्री में मदद की है। मेरा अनुभव यही कहता है कि कभी भी किसी शॉर्टकट के पीछे न भागें। परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, खुद को किसी से कम मत समझो। मेहनत करते रहो, ज्ञान बांटते रहो और असफलताओं से डरने के बजाय उनसे सीखकर दोबारा खड़े हो जाओ।
आइडल टॉक्स : आज के युवा वर्ग को आप क्या संदेश देना चाहेंगे ?
हितेश : युवाओं को मेरी यही सलाह है कि अपनी शारीरिक बनावट या लोगों के तानों को अपनी कमजोरी मत बनने दो। अपनी प्रतिभा और मेहनत को अपनी पहचान बनाओ। मैं समाज की सोच में बदलाव देखना चाहता हूँ। लोग किसी की शारीरिक बनावट से उसका मूल्यांकन न करें। किसी भी दिव्यांग या शारीरिक रूप से अलग व्यक्ति का मजाक उड़ाना वास्तव में ऊपर वाले की रचना का मज़ाक उड़ाना है। मैं चाहता हूँ कि लोग हर व्यक्ति की प्रतिभा और उसकी मेहनत का सम्मान करें।
आइडल टॉक्स के पाठकों के लिए हितेश का संदेश –
मैं आइडल टॉक्स के सभी पाठकों से यही कहूँगा कि जिंदगी में परेशानियां हर मोड़ पर आएंगी, लेकिन आपका नजरिया तय करता है कि आप कहाँ पहुंचेंगे।
“शारीरिक कद छोटा हो सकता है, लेकिन आपके सपने और सोच कभी छोटी नहीं होनी चाहिए। अगर आप किसी दिव्यांग का मजाक उड़ाते हैं, तो आप ईश्वर की रचना का अपमान कर रहे हैं।”
जब भी जीवन में मुझे सफलता मिलेगी, मेरा संकल्प है कि मैं दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और मदद के लिए ठोस काम करूँगा। आप भी समाज में सहानुभूति और समानता का माहौल बनाने में अपना योगदान दें। अगर मेरा संघर्ष किसी एक युवा को भी हार न मानने की प्रेरणा देता है, तो मेरे लिए यही सबसे बड़ी सफलता होगी।
हितेश धांधा का संघर्ष हमें सिखाता है कि कद छोटा हो सकता है, लेकिन हौसला, जज्बा और सपने कभी छोटे नहीं होने चाहिए।
– IDOL TALKS Editorial Team
Follow us @idoltalks.official






